राष्ट्रपति के लाहौल-स्पीति दौरे के मद्देनजर अटल टनल नॉर्थ पोर्टल क्षेत्र में ड्रोन उड़ाने पर प्रतिबंध, पर्यटन गतिविधियां भी रहेंगी बंद
केलांग, 28 सितंबर, 2026। माननीय राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु के 7 अक्तूबर, 2026 को जिला लाहौल-स्पीति के प्रस्तावित दौरे के मद्देनजर जिला प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था, प्रोटोकॉल आवश्यकताओं तथा कानून एवं व्यवस्था बनाए रखने के लिए अटल टनल नॉर्थ पोर्टल एवं इसके आसपास के क्षेत्र में विभिन्न गतिविधियों को नियंत्रित करने के संबंध में आदेश जारी किए हैं।
उपायुक्त एवं जिला दंडाधिकारी लाहौल-स्पीति किरण भड़ाना द्वारा जारी आदेश के अनुसार अटल टनल नॉर्थ पोर्टल तथा इसके आसपास के क्षेत्र को तत्काल प्रभाव से ‘नो ड्रोन/मानवरहित हवाई क्षेत्र’ (No Drones/Unmanned Aerial Zone) घोषित किया गया है। इस क्षेत्र में किसी भी प्रकार के ड्रोन अथवा मानवरहित हवाई उपकरण का संचालन प्रतिबंधित रहेगा।
आदेश के अनुसार क्षेत्र में संचालित सभी विक्रेताओं, पर्यटन संचालकों तथा जिप लाइन, रिवर राफ्टिंग और अन्य संबद्ध पर्यटन गतिविधियों से जुड़े व्यक्तियों को 5 अक्तूबर से 7 अक्तूबर, 2026 तक अपनी गतिविधियां संचालित करने की अनुमति नहीं होगी। इसके अतिरिक्त, उक्त क्षेत्र में स्थान घेरकर बैठे सभी विक्रेताओं एवं संबंधित व्यक्तियों को अपनी अस्थायी/स्थायी व्यवस्थाएं हटाकर आवंटित अथवा कब्जे वाले स्थानों को 30 सितंबर, 2026 तक अनिवार्य रूप से खाली करने के निर्देश दिए गए हैं।
उपायुक्त ने संबंधित विभागों एवं अधिकारियों को आदेश की कड़ाई से अनुपालना सुनिश्चित करने तथा सुरक्षा व्यवस्था के लिए आपसी समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। पुलिस अधीक्षक लाहौल-स्पीति, उप वन संरक्षक लाहौल वन मंडल केलांग, उपमंडल दंडाधिकारी केलांग तथा तहसीलदार लाहौल, केलांग को सभी संबंधित एजेंसियों के साथ समन्वय स्थापित कर आदेश का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
जिला प्रशासन ने सभी संबंधित विक्रेताओं, पर्यटन संचालकों एवं आमजन से प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करने और राष्ट्रपति के प्रस्तावित दौरे के दौरान सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है।