ढांडा में कार का शीशा तोड़कर करीब 15 लाख रुपये का सामान चोरी, दो आरोपी गिरफ्तार
शिमला। पुलिस थाना पश्चिम, जिला शिमला में दर्ज चोरी के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरीशुदा सामान बरामद करने के साथ ही वारदात में प्रयुक्त वाहन को भी पुलिस ने कब्जे में ले लिया है।
पुलिस के अनुसार, दिनांक 20 सितंबर 2026 को शिकायतकर्ता की शिकायत पर पुलिस थाना पश्चिम में अभियोग संख्या 192/2026, धारा 305 BNS के तहत मामला दर्ज किया गया था। शिकायतकर्ता ने बताया कि उसने 19 सितंबर 2026 को अपनी गाड़ी ढांडा के ऊपर सड़क किनारे पार्क की थी। अगले दिन सुबह जब उसने गाड़ी को देखा तो उसके पिछले बाएं दरवाजे का शीशा टूटा हुआ था।
जांच में सामने आया कि गाड़ी के अंदर रखा लैपटॉप, मोबाइल फोन, हार्ड डिस्क, घड़ी सहित करीब 15 लाख रुपये कीमत का सामान चोरी कर लिया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच तेज करते हुए घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया।
पुलिस टीम ने साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए 26 सितंबर 2026 को लेख राज (38 वर्ष), निवासी तहसील बल्ह, जिला मंडी को IGMC शिमला के समीप से गिरफ्तार किया। इसके बाद पुलिस ने मामले में शामिल दूसरे आरोपी जोध सिंह (29 वर्ष), निवासी तहसील बल्ह, जिला मंडी को 27 सितंबर 2026 को सुंदरनगर, मंडी से गिरफ्तार किया।
पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त वाहन को भी कब्जे में लिया है। दोनों आरोपियों के कब्जे से चोरीशुदा सामान बरामद कर लिया गया है। दोनों आरोपियों को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। मामले में आगामी अन्वेषण जारी है।