बरसात थमते ही एसजेपीएनएल और SUEZ ने सड़कों की मेटलिंग का काम किया शुरू
शिमला। बरसात खत्म होते ही शिमला शहर में एसजेपीएनएल की 24×7 निरंतर प्रेशराइज्ड पेयजल आपूर्ति परियोजना के तहत पाइपलाइन बिछाने से प्रभावित सड़कों की मेटलिंग और रोड रेस्टोरेशन का कार्य फिर शुरू कर दिया गया है। राजधानी के लोअर ढली वार्ड स्थित अंबेडकर कॉलोनी में SUEZ ने सड़क बहाली का काम शुरू कर दिया है।
एसजेपीएनएल के अनुसार बारिश के कारण सड़क बहाली का कार्य प्रभावित हुआ था। अब मौसम अनुकूल होने के बाद शहर की अन्य प्रभावित सड़कों पर भी चरणबद्ध तरीके से मेटलिंग एवं रोड रेस्टोरेशन का काम शुरू किया जाएगा। प्रभावित सड़कों को प्राथमिकता के आधार पर बहाल किया जा रहा है।
बारिश के दौरान मेटलिंग का काम बंद रहने से पैदल राहगीरों और वाहन चालकों को कुछ परेशानी का सामना करना पड़ा। अब बारिश का दौर थमते ही सड़क बहाली का कार्य युद्धस्तर पर जारी है।
एसजेपीएनएल ने शहरवासियों से अपील की है कि सड़क बहाली के दौरान निर्माण कार्य में सहयोग करें और कार्य वाले क्षेत्रों में सावधानी बरतें, ताकि सड़क रेस्टोरेशन का काम सुचारू रूप से पूरा किया जा सके।