राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कशोली में ‘स्वच्छ भारत मिशन’ पर निबंध लेखन प्रतियोगिता आयोजित
शिमला। विद्युत मंत्रालय एवं निगमित कार्यालय के निर्देशानुसार रामपुर एचपीएस द्वारा 17 सितम्बर से 2 अक्तूबर 2026 तक ‘स्वच्छता ही सेवा (SHS) अभियान–2026’ का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में 24 सितम्बर 2026 को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, कशोली में ‘स्वच्छ भारत मिशन’ विषय पर निबंध लेखन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम ई. विकास मारवाह, परियोजना प्रमुख, रामपुर एचपीएस के मार्गदर्शन तथा विभागाध्यक्ष प्रापण एवं संविदा, रामपुर एचपीएस, बायल, ई. बिरेन्द्र प्रताप सिंह की उपस्थिति में आयोजित हुआ।
प्रतियोगिता में कक्षा ग्यारहवीं एवं बारहवीं के कुल 40 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता में कक्षा बारहवीं की कुमारी रिधिमा ने प्रथम, कुमारी यमुना ने द्वितीय तथा कुमारी समीक्षा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं मृदुल एवं राधिका को सांत्वना पुरस्कार प्रदान किए गए।
इस अवसर पर परियोजना प्रमुख ई. विकास मारवाह ने कहा कि प्रतियोगिता के आयोजन का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों एवं प्रतिभागियों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता, जिम्मेदारी और जनभागीदारी की भावना विकसित करना है। उन्होंने कहा कि इस पहल के माध्यम से स्वच्छता के महत्व, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, कचरे के उचित पृथक्करण, पर्यावरण संरक्षण तथा सिंगल यूज़ प्लास्टिक के उपयोग को हतोत्साहित करने के प्रति विद्यार्थियों को जागरूक करने का प्रयास किया गया।
उन्होंने कहा कि निबंध लेखन प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों की रचनात्मक सोच एवं लेखन क्षमता को प्रोत्साहित करने के साथ-साथ उन्हें स्वच्छता को अपने दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही, विद्यार्थियों को स्वच्छ एवं स्वस्थ समाज के निर्माण में सक्रिय योगदान देने का संदेश दिया गया।
ई. विकास मारवाह ने कहा कि ‘स्वच्छता ही सेवा’ केवल एक अभियान नहीं, बल्कि सामूहिक जिम्मेदारी और जनभागीदारी की भावना को मजबूत करने का माध्यम है। इस तरह की गतिविधियों से स्वच्छता का संदेश विद्यार्थियों के माध्यम से परिवार एवं समुदाय तक पहुंचता है और समाज में स्वच्छता के प्रति सकारात्मक सोच विकसित होती है। उन्होंने कहा कि रामपुर एचपीएस द्वारा आयोजित यह पहल स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने और सामूहिक जनभागीदारी को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास है।