राज्य ग्रैपलिंग चैंपियनशिप में क्रीसैंट स्कूल के खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन
6 स्वर्ण सहित 9 पदक जीतकर बढ़ाया स्कूल का गौरव, राष्ट्रीय चैंपियनशिप के लिए हुआ चयन
शिमला। इंदिरा गांधी खेल परिसर, शिमला में 15 और 16 अगस्त को आयोजित राज्य स्तरीय ग्रैपलिंग चैंपियनशिप में क्रीसैंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल टुटू के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 9 पदक अपने नाम किए। खिलाड़ियों ने 6 स्वर्ण, 2 रजत और 1 कांस्य पदक हासिल कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया।
प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा, अनुशासन, तकनीकी दक्षता और खेल भावना का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। उनकी इस उपलब्धि से विद्यालय में खुशी का माहौल है।
विद्यालय प्रबंधन और प्रधानाचार्य डॉ. सुभाष चंद ने सभी पदक विजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने खिलाड़ियों के प्रशिक्षकों और अभिभावकों के योगदान की भी सराहना की।
इन खिलाड़ियों का चयन अब आगामी राष्ट्रीय ग्रैपलिंग चैंपियनशिप के लिए हुआ है, जहां वे हिमाचल प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगे। विद्यालय परिवार ने उम्मीद जताई कि खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर भी शानदार प्रदर्शन कर प्रदेश और विद्यालय का नाम रोशन करेंगे।