चोरी के मामलों में करीब 8.75 लाख की संपत्ति व नकदी चोरी से जुड़ा आरोपी गिरफ्तार
शिमला। पुलिस थाना सुन्नी की पुलिस टीम ने चोरी के मामलों में करीब एक वर्ष से वांछित आरोपी योगराज पुत्र जीवानंद, निवासी बसंतपुर, तहसील सुन्नी, जिला शिमला, उम्र 35 वर्ष को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार 16 अगस्त 2026 को गश्त एवं सुरागबरारी के दौरान टीम ने आरोपी को सवांकर (नौटीखड्ड) के पास से गिरफ्तार किया। पूछताछ के बाद उसे अभियोग संख्या 29/2025, दिनांक 1 मई 2025, धारा 331(4) बीएनएस, पुलिस थाना सुन्नी के तहत गिरफ्तार किया गया। इस मामले में करीब 2 लाख रुपये मूल्य के आभूषण चोरी होने की घटना दर्ज है।
इसके अलावा आरोपी अभियोग संख्या 68/2025, दिनांक 25 नवंबर 2025, पुलिस थाना सुन्नी में भी वांछित था, जिसमें 1.75 लाख रुपये नकद चोरी किए गए थे। वहीं, पुलिस थाना सदर शिमला में दर्ज अभियोग संख्या 38/2025, दिनांक 11 मई 2025 में 5 लाख रुपये नकद चोरी की घटना में भी आरोपी वांछित था।
पुलिस के मुताबिक इन मामलों में आरोपी के खिलाफ करीब 8.75 लाख रुपये की संपत्ति और नकदी चोरी से संबंध सामने आया है। मामले में आगामी अन्वेषण जारी है।