21 अगस्त से शुरू होगा हिमाचल विधानसभा का मानसून सत्र, 3 सितंबर तक चलेंगी 10 बैठकें
शिमला: हिमाचल प्रदेश विधानसभा का मानसून सत्र 21 अगस्त 2026 से शुरू होगा। विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने बताया कि चौदहवीं विधानसभा का 12वां सत्र 21 अगस्त को पूर्वाह्न 11:00 बजे आरंभ होगा और 3 सितंबर 2026 तक चलेगा। इस दौरान सदन की कुल 10 बैठकें आयोजित की जाएंगी। राज्यपाल की संस्तुति के बाद विधानसभा सचिवालय ने शनिवार को सत्र की अधिसूचना जारी कर दी है।
विधानसभा अध्यक्ष ने बताया कि 22 अगस्त (शनिवार) को भी सदन की बैठक होगी, जबकि 28, 29 और 30 अगस्त को बैठकें नहीं होंगी। 28 अगस्त को रक्षा बंधन तथा 29 अगस्त को शनिवार होने के कारण सदन की कार्यवाही स्थगित रहेगी। वहीं, 27 अगस्त को गैर-सरकारी सदस्य कार्य दिवस (प्राइवेट मेंबर्स डे) के रूप में निर्धारित किया गया है। उन्होंने कहा कि अधिसूचना जारी होने के साथ ही सभी विधायक अपने-अपने निर्वाचन क्षेत्रों से संबंधित प्रश्न, सूचनाएं और अन्य कार्य ऑफलाइन एवं ऑनलाइन माध्यम से विधानसभा सचिवालय को भेज सकते हैं।