1 अगस्त को देव सदन, कुल्लू में आयोजित होगा जिला स्तरीय विश्व स्काउट स्कार्फ दिवस समारोह
कुल्लू, 30 जुलाई।
स्नो लैंड स्काउट्स एंड गाइड्स ओपन ग्रुप, कुल्लू एवं देव भूमि रोवर्स ओपन ग्रुप, कुल्लू के संयुक्त तत्वावधान में विश्व स्काउट स्कार्फ दिवस के अवसर पर 1 अगस्त 2026 को प्रातः 11:00 बजे देव सदन, ढालपुर, कुल्लू में जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा।
कार्यक्रम में श्री सुरजीत सिंह राठौर (एच.ए.एस.), अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी (ADM), कुल्लू मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। वहीं डॉ. लाल सिंह, रीजनल डायरेक्टर (I/C), MY Bharat, भारत सरकार (सेवानिवृत्त) एवं पूर्व उप निदेशक, उच्च शिक्षा (DDHE), कुल्लू विशेष अतिथि के रूप में अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज करेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता श्री मनोहर लाल ठाकुर, स्टेट ट्रेनिंग कमिश्नर (स्काउट्स), भारत स्काउट्स एवं गाइड्स, हिमाचल प्रदेश करेंगे।
इस अवसर पर जिले के विभिन्न विद्यालयों, महाविद्यालयों एवं ओपन यूनिट्स के स्काउट्स, गाइड्स, रोवर्स एवं रेंजर्स भाग लेंगे। कार्यक्रम में स्काउटिंग के आदर्शों, सेवा, नेतृत्व एवं विश्व बंधुत्व की भावना को बढ़ावा देने के साथ-साथ स्काउटिंग के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले वरिष्ठ स्काउटर्स का सम्मान भी किया जाएगा।
कार्यक्रम के आयोजक बीजू हिमदल एवं हिममत सिंह ठाकुर ने संयुक्त रूप से जानकारी देते हुए बताया कि इस जिला स्तरीय आयोजन को सफल बनाने हेतु भारत स्काउट्स एवं गाइड्स, जिला कुल्लू के समस्त पदाधिकारी अपना सक्रिय सहयोग प्रदान कर रहे हैं। विशेष रूप से श्री मनोहर लाल ठाकुर, स्टेट ट्रेनिंग कमिश्नर (स्काउट्स), हिमाचल प्रदेश, श्री नारायण शर्मा (डी.ओ.सी., कुल्लू) सहित जिला संगठन के सभी पदाधिकारी, स्काउटर्स, गाइडर्स, रोवर्स एवं रेंजर्स कार्यक्रम की तैयारियों में जुटे हुए हैं। उन्होंने जिले के सभी वर्तमान एवं पूर्व स्काउट्स-गाइड्स सदस्यों तथा स्काउटिंग से जुड़े सभी साथियों से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में भाग लेकर विश्व स्काउट स्कार्फ दिवस समारोह को सफल बनाने की अपील की।