पूर्व विधायक राम चन्द भाटिया के निधन पर विधानसभा अध्यक्ष ने जताया गहरा शोक
शिमला: हिमाचल प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानियां ने नगरोटा वगवां के पूर्व विधायक राम चन्द भाटिया के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। राम चन्द भाटिया लंबे समय से अस्वस्थ चल रहे थे। उनके निधन को प्रदेश की राजनीति और समाज के लिए अपूरणीय क्षति बताते हुए पठानियां ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
अपने शोक संदेश में विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि राम चन्द भाटिया एक कद्दावर और कर्तव्यनिष्ठ नेता थे, जिन्होंने तीन बार विधानसभा सदस्य के रूप में जनता की सेवा की। वर्ष 1982 में वे पहली बार नगरोटा वगवां विधानसभा क्षेत्र से विधायक चुने गए थे। उनका मिलनसार व्यक्तित्व और जनहित के प्रति समर्पण उन्हें लोगों के बीच बेहद लोकप्रिय बनाता था। उन्होंने राजनीति, प्रशासन और समाज सेवा के बीच हमेशा संतुलन बनाए रखा।
कुलदीप सिंह पठानियां ने कहा कि प्रदेश ने राम चन्द भाटिया के रूप में एक होनहार और जनसेवा के प्रति समर्पित नेता को खो दिया है, जिसकी भरपाई संभव नहीं है। उन्होंने शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए ईश्वर से उन्हें इस दुख की घड़ी में संबल प्रदान करने की प्रार्थना की।