शिमला के खलीणी में आम आदमी पार्टी के प्रदेश कार्यालय का उद्घाटन, संगठन को मजबूत करने का लिया संकल्प
शिमला, सितंबर।
आम आदमी पार्टी ने राजधानी शिमला में अपने प्रदेश कार्यालय का विधिवत उद्घाटन किया। यह ऐतिहासिक अवसर प्रदेश प्रभारी ऋतुराज गोविंद झा और सह प्रभारी अजय राजपूत की गरिमामयी मौजूदगी में संपन्न हुआ।
इस मौके पर प्रदेश प्रभारी ऋतुराज गोविंद झा ने कहा कि आज का दिन पार्टी और कार्यकर्ताओं के लिए ऐतिहासिक है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कार्यकर्ताओं ने संगठन को और अधिक मजबूत करने का संकल्प लिया है। साथ ही अक्टूबर माह में विधानसभा स्तर पर कार्यकारिणी गठित करने का भी निर्णय लिया गया है।
उन्होंने कांग्रेस सरकार को उसके अधूरे वादों की याद दिलाते हुए सीधी चेतावनी दी कि यदि जनता से किए गए वादे पूरे नहीं हुए तो पार्टी जल्द ही बड़ा धरना प्रदर्शन करेगी और यहां तक कि मुख्यमंत्री का घेराव करने से भी पीछे नहीं हटेगी।
ऋतुराज गोविंद झा ने कहा कि आम आदमी पार्टी का लक्ष्य हिमाचल प्रदेश में अरविंद केजरीवाल की काम की राजनीति को स्थापित करना है। पार्टी राज्य से भ्रष्टाचार को जड़ से खत्म करने के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने आगे कहा कि पार्टी कार्यकर्ता जनता के साथ कंधे से कंधा मिलाकर चलने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। आने वाले समय में प्रदेश में आम आदमी पार्टी पारदर्शी और जवाबदेह शासन की दिशा में एक सशक्त विकल्प बनकर उभरेगी।