*हिमाचल प्रदेश के मीडिया प्रतिनिधिमंडल ने सिक्किम के राज्यपाल से की मुलाकात*
-राज्यपाल ने सिक्किम की सांस्कृतिक विरासत, विकास, पर्यावरण संरक्षण और पर्यटन पर साझा किए विचार
गंगटोक, 12 सितंबर 2026: हिमाचल प्रदेश के मीडिया प्रतिनिधिमंडल ने आज लोक भवन में सिक्किम के राज्यपाल श्री ओम प्रकाश माथुर से शिष्टाचार भेंट की।
यह प्रतिनिधिमंडल भारत सरकार के सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के पत्र सूचना कार्यालय (पीआईबी) द्वारा आयोजित अध्ययन एवं अनुभव यात्रा के तहत सिक्किम के दौरे पर है।
मुलाकात के दौरान राज्यपाल ने मीडिया प्रतिनिधियों से संवाद करते हुए सिक्किम की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, शासन व्यवस्था, विकास कार्यों, पर्यावरण संरक्षण और पर्यटन क्षेत्र से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर अपने विचार साझा किए।
राज्यपाल ने सिक्किम की सामरिक और भौगोलिक महत्ता का उल्लेख करते हुए इसकी अंतरराष्ट्रीय सीमाओं, विशेष रूप से चीन से लगी नाथू ला सीमा के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि 11 सितंबर को नाथू ला विजय दिवस मनाया जाता है। उन्होंने वर्ष 1967 में नाथू ला और चो ला दर्रों पर चीनी घुसपैठ का प्रभावी ढंग से मुकाबला करने में मेजर जनरल सगत सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका और भारतीय सेना की निर्णायक विजय का भी उल्लेख किया।
बैठक के दौरान सिक्किम और हिमाचल प्रदेश से जुड़े विभिन्न साझा विषयों पर भी चर्चा हुई। दोनों हिमालयी राज्यों में पर्यटन की अपार संभावनाओं को देखते हुए पर्यटन और संस्कृति के क्षेत्र में आपसी सहयोग को और मजबूत करने के अवसरों पर विचार-विमर्श किया गया। दोनों राज्यों की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और समान हिमालयी परिस्थितियों को देखते हुए बेहतर समन्वय से विकास और समृद्धि को बढ़ावा देने की संभावनाओं पर भी चर्चा हुई।
राज्यपाल ने सिक्किम को स्वच्छता, प्लास्टिक-मुक्त वातावरण, बेहतर यातायात प्रबंधन और महिलाओं के प्रति कम अपराध दर जैसे क्षेत्रों में एक आदर्श राज्य के रूप में रेखांकित किया।
उन्होंने कहा कि इस तरह की अध्ययन यात्राएं मीडिया प्रतिनिधियों को जमीनी स्तर पर लागू की जा रही विकास योजनाओं और सरकारी पहलों को करीब से समझने का अवसर प्रदान करती हैं। राज्यपाल ने प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों को सिक्किम में सुखद प्रवास के लिए शुभकामनाएं दीं।
मीडिया प्रतिनिधिमंडल ने समय प्रदान करने और सिक्किम के विभिन्न विकास एवं सामाजिक पहलुओं पर उपयोगी जानकारी साझा करने के लिए राज्यपाल के प्रति आभार व्यक्त किया।