विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानियां ने दी श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की बधाई
शिमला, 3 सितंबर। हिमाचल प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानियां ने प्रदेश और देशवासियों को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। अपने बधाई संदेश में पठानियां ने कहा कि श्रीकृष्ण जन्माष्टमी देश और प्रदेशवासियों के लिए एक महापर्व है, जिसे लोग बड़े हर्षोल्लास, श्रद्धाभाव और आस्था के साथ मनाते हैं।
उन्होंने कहा कि जन्माष्टमी का पर्व श्रावण मास के कृष्ण पक्ष की आठवीं तिथि को मनाया जाता है और यह पूरे भारतवर्ष में हिंदुओं के लिए भक्ति, एकता तथा आध्यात्मिक ज्ञान का प्रतीक है। यह पर्व लोगों के जीवन में खुशी और सकारात्मक ऊर्जा का संचार करता है तथा इससे जुड़ी जीवंत परंपराएं हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को दर्शाती हैं।
विधानसभा अध्यक्ष ने इस पावन अवसर पर प्रदेश एवं देशवासियों के सुखद, स्वस्थ और समृद्ध जीवन की कामना की। उन्होंने लोगों से भगवान श्रीकृष्ण द्वारा स्थापित आदर्शों, सत्य, धर्म, कर्तव्य और मानवता के मार्ग को अपने जीवन में अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जन्माष्टमी का संदेश समाज में प्रेम, भाईचारे, सद्भाव और एकता को मजबूत करने की प्रेरणा देता है।