अंतर्राष्ट्रीय लवी मेला-2026 में एसजेवीएन की प्रदर्शनी का राज्यपाल कविंदर गुप्ता ने किया शुभारंभ, परियोजना प्रमुख राजीव कपूर ने दी विद्युत उत्पादन एवं परियोजना की कार्यप्रणाली की जानकारी
झाकड़ी, नवंबर : अंतर्राष्ट्रीय लवी मेला-2026 के अवसर पर हिमाचल प्रदेश के माननीय राज्यपाल श्री कविंदर गुप्ता ने अपनी धर्मपत्नी श्रीमती बिंदु गुप्ता के साथ मेला परिसर में आयोजित प्रदर्शनी में एसजेवीएन के मंडप का विधिवत उद्घाटन किया। इस अवसर पर एसजेवीएन की ओर से स्थापित प्रदर्शनी मंडप में निगम की कार्यप्रणाली, विद्युत उत्पादन क्षमता तथा जलविद्युत परियोजनाओं के माध्यम से देश की ऊर्जा आवश्यकताओं में दिए जा रहे योगदान को प्रदर्शित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान नाथपा झाकड़ी हाइड्रो पावर स्टेशन के परियोजना प्रमुख श्री राजीव कपूर ने माननीय राज्यपाल श्री कविंदर गुप्ता का सादर स्वागत एवं अभिनंदन किया। उन्होंने राज्यपाल महोदय को एसजेवीएन की विभिन्न गतिविधियों तथा नाथपा झाकड़ी हाइड्रो पावर स्टेशन की कार्यप्रणाली के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी प्रदान की। इस दौरान उन्होंने स्टेशन की विद्युत उत्पादन क्षमता, बिजली उत्पादन की प्रक्रिया तथा विद्युत उत्पादन से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण पहलुओं से भी राज्यपाल को अवगत करवाया।
राज्यपाल श्री कविंदर गुप्ता ने एसजेवीएन के मंडप का अवलोकन किया और प्रदर्शनी के माध्यम से प्रस्तुत की गई परियोजना संबंधी जानकारियों को जाना। अंतर्राष्ट्रीय लवी मेला जैसे प्रतिष्ठित आयोजन में एसजेवीएन की सहभागिता के माध्यम से आमजन को जलविद्युत उत्पादन, ऊर्जा क्षेत्र में निगम की भूमिका तथा प्रदेश में संचालित महत्वपूर्ण विद्युत परियोजनाओं के बारे में जानकारी प्राप्त करने का अवसर मिला।
इस अवसर पर शिमला जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारीगण सहित एसजेवीएन के विभिन्न अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे। अंतर्राष्ट्रीय लवी मेला-2026 के मंच पर एसजेवीएन की यह सहभागिता निगम की गतिविधियों, विद्युत उत्पादन क्षमता एवं ऊर्जा क्षेत्र में उसके योगदान को जनमानस तक पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण रही।