नाथपा झाकड़ी हाइड्रो पावर स्टेशन में सतर्कता जागरूकता सप्ताह का समापन
‘सत्यनिष्ठा से समृद्धि’ थीम पर आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को किया सम्मानित
झाकड़ी, नवंबर। एसजेवीएन के 1500 मेगावाट नाथपा झाकड़ी हाइड्रो पावर स्टेशन में 26 अक्टूबर से 1 नवंबर, 2026 तक आयोजित सतर्कता जागरूकता सप्ताह का समापन समारोह परियोजना प्रमुख राजीव कपूर की गरिमामयी उपस्थिति में संपन्न हुआ। केंद्रीय सतर्कता आयोग एवं निगम सतर्कता विभाग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप आयोजित इस समारोह में विभागाध्यक्ष भी उपस्थित रहे।
सतर्कता जागरूकता सप्ताह के दौरान इस वर्ष की थीम ‘सत्यनिष्ठा से समृद्धि’ पर आधारित विभिन्न जागरूकता गतिविधियों एवं प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इनमें प्रश्नोत्तरी, नारा लेखन, भाषण, पेंटिंग, पोस्टर मेकिंग और रंगोली प्रतियोगिताएं प्रमुख रहीं। इन प्रतियोगिताओं में विभिन्न विद्यालयों एवं महाविद्यालयों के विद्यार्थियों, कर्मचारियों और महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों ने अपनी रचनात्मकता एवं विचारों के माध्यम से सत्यनिष्ठा, ईमानदारी, पारदर्शिता और नैतिक मूल्यों का प्रभावशाली संदेश दिया।
समापन समारोह के दौरान परियोजना प्रमुख राजीव कपूर ने विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत पेंटिंग, पोस्टर और भाषणों की सराहना की। उन्होंने कहा कि सभी प्रतिभागियों ने अपनी रचनात्मक अभिव्यक्ति के माध्यम से इस वर्ष की थीम ‘सत्यनिष्ठा से समृद्धि’ को सार्थक रूप प्रदान किया है। सत्यनिष्ठा केवल एक आदर्श या विचार तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि इसे दैनिक जीवन और कार्यसंस्कृति का अभिन्न अंग बनाना आवश्यक है। ईमानदारी, पारदर्शिता, जवाबदेही एवं कर्तव्यनिष्ठा जैसे मूल्य ही एक सशक्त संस्थान और समृद्ध समाज की नींव रखते हैं।
उन्होंने विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि युवा पीढ़ी में नैतिक मूल्यों एवं ईमानदारी के संस्कार विकसित करना अत्यंत आवश्यक है, क्योंकि आज के विद्यार्थी ही भविष्य के जिम्मेदार नागरिक और राष्ट्र निर्माता हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को जागरूकता सप्ताह के दौरान उत्साहपूर्वक योगदान देने के लिए बधाई दी। साथ ही, महिलाओं द्वारा प्रस्तुत सुंदर रंगोलियों की भी सराहना की।
समारोह के अंत में विभिन्न विद्यालयों के विजेता प्रतिभागियों को परियोजना प्रमुख राजीव कपूर ने पुरस्कार एवं स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया। इस आयोजन के माध्यम से सत्यनिष्ठा, पारदर्शिता और नैतिक आचरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने का संदेश दिया गया।