सौहार्दपूर्ण माहौल में सम्पन्न हुई सर्वदलीय बैठक: कुलदीप पठानियां
शिमला। हिमाचल प्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र के सुचारू एवं निर्विघ्न संचालन को लेकर गुरुवार को विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानियां की अध्यक्षता में सर्वदलीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में संसदीय कार्य मंत्री हर्ष वर्धन चौहान, नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर और उप मुख्य सचेतक केवल सिंह पठानियां मौजूद रहे।
बैठक के बाद इलेक्ट्रॉनिक मीडिया को संबोधित करते हुए विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानियां ने कहा कि 10 दिनों तक चलने वाले मानसून सत्र को सौहार्दपूर्ण माहौल में संचालित करने के लिए सभी दलों से सहयोग की अपील की गई है। उन्होंने कहा कि सत्र के दौरान जनहित से जुड़े मुद्दों पर सार्थक चर्चा हो और सभी सदस्य अपने विचार प्रभावी ढंग से रखें, इसके लिए पर्याप्त समय दिया जाएगा।
पठानियां ने कहा कि 14वीं विधानसभा की अब तक की औसत उत्पादकता 90 से 132 प्रतिशत तक रही है, जो देश में सर्वाधिक है। उन्होंने उम्मीद जताई कि सभी सदस्यों के सहयोग से विधानसभा भविष्य में भी इस उपलब्धि को कायम रखेगी। उन्होंने कहा कि सदन की अपनी गरिमा और उच्च परंपराएं हैं, इसलिए विपक्ष नियमों के दायरे में रहकर सरकार से सवाल करे और सरकार का दायित्व है कि विपक्ष द्वारा पूछे गए प्रश्नों एवं मांगी गई सूचनाओं का स्पष्ट और सटीक उत्तर दे।
विधानसभा अध्यक्ष ने बताया कि नेता प्रतिपक्ष ने बैठक में शून्यकाल से संबंधित कुछ विषय उठाए हैं। इन विषयों के समाधान को लेकर उन्होंने हिमाचल सरकार के मुख्य सचिव को पहले ही अवगत करा दिया था, जो दोपहर 3 बजे उनसे मुलाकात करने आए थे। उन्होंने बैठक में मौजूद संसदीय कार्य मंत्री से भी नेता प्रतिपक्ष द्वारा उठाए गए मुद्दों को गंभीरता से लेने को कहा।
बैठक में सत्ता पक्ष और विपक्ष के नेताओं ने सदन के सुचारू संचालन में पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया। विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि सभी के सहयोग से मानसून सत्र में जनहित के मुद्दों पर सकारात्मक और सार्थक चर्चा सुनिश्चित की जाएगी।