चिड़गांव में देवदार की अवैध लकड़ी बरामद, दो आरोपी गिरफ्तार
शिमला -
शिमला पुलिस ने थाना चिड़गांव के तहत देवदार की लकड़ी के अवैध परिवहन के मामले में दो आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार 18/19 अगस्त की मध्यरात्रि लरोट बाईपास के समीप एक वाहन की जांच के दौरान बिना वैध दस्तावेजों के देवदार की लकड़ी के 9 स्लीपर और एक लकड़ी का फट्टा बरामद किया गया। कुल 10 नग लकड़ी को अवैध रूप से परिवहन किया जा रहा था।
पुलिस ने वाहन को वन विश्राम गृह लरोट पहुंचाकर वन विभाग को सूचित किया। मामले में वाहन चालक विवेक कुमार और उसके साथ सवार आजाद सिंह, दोनों निवासी चिड़गांव, को आरोपी बनाया गया है।
इस संबंध में थाना चिड़गांव में एफआईआर संख्या 78/2026, दिनांक 19 अगस्त 2026 के तहत धारा 303(2), 3(5) बीएनएस तथा धारा 41, 42 भारतीय वन अधिनियम में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।