तस्करों पर कार्रवाई के साथ समाज भी संभाले मोर्चा, चिट्टामुक्त हिमाचल बनाने को सरकार प्रतिबद्ध: मलेंद्र राजन
भदरोया से गगवाल तक निकाली एंटी चिट्टा वॉकथान, विधायक ने कहा- नशे के खिलाफ जनभागीदारी सबसे अहम; नूरपुर पुलिस ने तस्करों की 30 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति पर की कार्रवाई
इंदौरा, नवंबर। हिमाचल प्रदेश को चिट्टामुक्त बनाने और युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से शनिवार को भदरोया से गगवाल तक एंटी चिट्टा वॉकथान का आयोजन किया गया। इस जागरूकता अभियान में इंदौरा के विधायक मलेंद्र राजन विशेष रूप से उपस्थित रहे। वॉकथान के माध्यम से लोगों को नशे के खिलाफ एकजुट होने और अपने गांवों एवं क्षेत्र को नशामुक्त बनाने का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर विधायक मलेंद्र राजन ने कहा कि प्रदेश सरकार पूरे हिमाचल को चिट्टामुक्त बनाने के संकल्प के साथ व्यापक अभियान चला रही है। नशा तस्करों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा रही है और इस अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों पर शिकंजा कसा जा रहा है। उन्होंने कहा कि पुलिस और प्रशासन की कार्रवाई जरूरी है, लेकिन अपने क्षेत्र और गांवों को नशामुक्त बनाने की सबसे बड़ी जिम्मेदारी स्थानीय समाज की भी है।
विधायक ने कहा कि केवल पुलिस और प्रशासन के प्रयासों से नशे के खिलाफ इस लड़ाई को निर्णायक मुकाम तक नहीं पहुंचाया जा सकता। इसके लिए समाज के हर वर्ग की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। जब तक आम लोग स्वयं आगे आकर नशे के खिलाफ आवाज नहीं उठाएंगे और आसपास होने वाली संदिग्ध गतिविधियों के प्रति सतर्क नहीं होंगे, तब तक चिट्टामुक्त समाज का लक्ष्य हासिल करना मुश्किल है।
उन्होंने नूरपुर पुलिस की कार्रवाई का उल्लेख करते हुए कहा कि पुलिस जिला नूरपुर ने नशा तस्करी से अर्जित 30 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति के खिलाफ कार्रवाई की है। यह दर्शाता है कि नशे के अवैध कारोबार को जड़ से खत्म करने के लिए पुलिस गंभीरता से काम कर रही है।
मलेंद्र राजन ने कहा कि नशा केवल एक व्यक्ति का जीवन बर्बाद नहीं करता, बल्कि पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करता है। युवाओं को इस बुराई से बचाने के लिए परिवारों, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों को मिलकर आगे आना होगा।
उन्होंने क्षेत्रवासियों से आह्वान किया कि चिट्टे के खिलाफ इस अभियान को केवल एक आयोजन तक सीमित न रखें, बल्कि इसे जनआंदोलन का रूप दें, ताकि आने वाली पीढ़ियों को नशे के अभिशाप से सुरक्षित रखा जा सके।