कड़ा और कृपाण पहनने पर अमृतधारी सिख युवक को परीक्षा से रोकना दुर्भाग्यपूर्ण : गुरमीत सिंह
पटवारी अभ्यर्थी की दोबारा परीक्षा करवाने की मांग, धार्मिक आस्था से जुड़े प्रतिबंधों में संशोधन करे सरकार
पांवटा साहिब। भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष गुरमीत सिंह ने सोलन स्थित देवभूमि ऑनलाइन परीक्षा केंद्र में एक अमृतधारी सिख युवक को कड़ा और कृपाण धारण करने के कारण पटवारी भर्ती परीक्षा में बैठने से कथित तौर पर रोकने के मामले में प्रदेश सरकार से जवाब मांगा है। उन्होंने इस घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए प्रभावित अभ्यर्थी की दोबारा परीक्षा करवाने और परीक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों में आवश्यक संशोधन करने की मांग उठाई।
गुरमीत सिंह ने पत्रकार वार्ता में बताया कि उन्हें सुबह करीब साढ़े सात बजे सरदार गुरदीप सिंह गैरी के माध्यम से इस घटना की जानकारी मिली थी। अभ्यर्थी से बातचीत करने पर पता चला कि परीक्षा केंद्र में उसे कड़ा और कृपाण उतारने के लिए कहा गया। अमृतधारी सिख होने के कारण युवक ने अपने धार्मिक प्रतीकों को उतारने से इनकार कर दिया, जिसके बाद उसे परीक्षा में बैठने की अनुमति नहीं दी गई।
उन्होंने कहा कि परीक्षा केंद्र के संचालक से बातचीत करने पर सरकारी निर्देशों का हवाला दिया गया, लेकिन संबंधित अधिसूचना की प्रति उपलब्ध नहीं करवाई गई। उन्होंने प्रदेश सरकार से सवाल किया कि आखिर किस आदेश के तहत अभ्यर्थी को परीक्षा देने से रोका गया। सरकार को इस संबंध में स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए।
पत्रकार वार्ता में अभ्यर्थी के पिता सरदार विचित्र सिंह भी मौजूद रहे। गुरमीत सिंह ने कहा कि माता-पिता अपनी मेहनत की कमाई खर्च कर बच्चों को शिक्षित करते हैं और उनके बेहतर भविष्य के सपने देखते हैं। ऐसे में परीक्षा केंद्र पहुंचने के बाद एक अभ्यर्थी को परीक्षा से वंचित कर देना पूरे परिवार के लिए मानसिक और भावनात्मक रूप से पीड़ादायक है।
उन्होंने भारतीय संविधान के अनुच्छेद 25 का उल्लेख करते हुए कहा कि संविधान प्रत्येक नागरिक को धार्मिक स्वतंत्रता का अधिकार प्रदान करता है। सिख धर्म में कृपाण धारण करना धार्मिक आस्था और परंपरा का हिस्सा है। ऐसे मामलों में परीक्षा की सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के साथ-साथ संवैधानिक अधिकारों और धार्मिक मान्यताओं का सम्मान भी किया जाना चाहिए।
गुरमीत सिंह ने परीक्षा के दौरान महिलाओं के मंगलसूत्र और चूड़ियों पर कथित प्रतिबंधों को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि धार्मिक एवं सांस्कृतिक मान्यताओं से जुड़े परीक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों की समीक्षा की जानी चाहिए, ताकि किसी भी अभ्यर्थी को अपनी आस्था के कारण परेशानी का सामना न करना पड़े।
उन्होंने प्रदेश सरकार से मांग की कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच करवाई जाए, प्रभावित अभ्यर्थी के लिए विशेष रूप से पटवारी परीक्षा आयोजित की जाए और परीक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों में आवश्यक संशोधन किए जाएं। उन्होंने कहा कि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सरकार को स्पष्ट व्यवस्था बनानी चाहिए, जिससे परीक्षा की निष्पक्षता, सुरक्षा और अभ्यर्थियों के धार्मिक अधिकारों के बीच उचित समन्वय बना रहे।