Wednesday, November 18, 2026

Himachal

सिहुँता स्कूल के विद्यार्थियों ने देखी विधानसभा की कार्यवाही, अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानियां से की मुलाकात

November 18, 2026 08:53 AM

सिहुँता स्कूल के विद्यार्थियों ने देखी विधानसभा की कार्यवाही, अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानियां से की मुलाकात

विधानसभा की भूमिका, गठन, कानून निर्माण और स्पीकर के दायित्वों की मिली जानकारी; अध्यक्ष ने बच्चों को लोकतांत्रिक व्यवस्था की कार्यप्रणाली से करवाया रूबरू

धर्मशाला। राजकीय मॉडल वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला सिहुँता, भटियात के छात्र-छात्राओं ने हिमाचल प्रदेश विधानसभा के शीतकालीन सत्र के दूसरे दिन सदन की कार्यवाही को करीब से देखा। बुधवार को अपराह्न 1:30 बजे विधानसभा सचिवालय पहुंचे विद्यार्थियों ने सदन की कार्यवाही देखने से पहले हिमाचल प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानियां से मुलाकात की। इस दौरान विद्यार्थियों ने विधानसभा की भूमिका, गठन, कार्यप्रणाली तथा स्पीकर के पद के महत्व को लेकर अध्यक्ष से विस्तारपूर्वक जानकारी प्राप्त की।

विद्यार्थियों ने विधानसभा अध्यक्ष से आज सदन में होने वाली कार्यवाही तथा लोकतांत्रिक व्यवस्था में विधानसभा की भूमिका के बारे में भी बताने का आग्रह किया। इस पर कुलदीप सिंह पठानियां ने सरल और रोचक तरीके से बच्चों को विधानसभा की कार्यप्रणाली समझाई। उन्होंने कहा कि विधानसभा किसी राज्य का कानून बनाने वाला सदन होता है। जिस प्रकार स्कूल में अलग-अलग कक्षाएं होती हैं, उसी प्रकार राज्य में अलग-अलग निर्वाचन क्षेत्र होते हैं। प्रत्येक निर्वाचन क्षेत्र से जनता अपना प्रतिनिधि चुनती है, जिसे विधायक कहा जाता है। सभी निर्वाचित विधायक मिलकर विधानसभा का गठन करते हैं। विधानसभा का प्रमुख कार्य राज्य के लोगों के हित में कानून बनाना है। जिस प्रकार स्कूल में अनुशासन और व्यवस्था बनाए रखने के लिए नियम होते हैं, उसी प्रकार राज्य के सुचारू संचालन के लिए कानून आवश्यक होते हैं।

पठानियां ने बताया कि जिस राजनीतिक दल के सबसे अधिक विधायक चुनाव जीतकर आते हैं, वह दल सरकार बनाता है और सरकार का मुखिया मुख्यमंत्री कहलाता है। विधानसभा में विधायक जनता से जुड़े विभिन्न मुद्दों और समस्याओं को सरकार के समक्ष उठाते हैं तथा सरकार को उनके सवालों का जवाब देना पड़ता है। उन्होंने विद्यार्थियों को बजट की प्रक्रिया के बारे में भी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सरकार प्रत्येक वर्ष विधानसभा में यह बताती है कि वह राज्य के विकास और जनता के कल्याण के लिए कौन-कौन से कार्य करेगी तथा इन कार्यों पर कितना धन खर्च किया जाएगा। इसे बजट कहा जाता है, जिसे विधानसभा की मंजूरी मिलना आवश्यक होता है।

विधानसभा अध्यक्ष ने स्पीकर के पद की महत्ता समझाते हुए कहा कि सदन में स्पीकर की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। स्पीकर विधानसभा की कार्यवाही को व्यवस्थित और नियंत्रित करता है। जिस प्रकार स्कूल में प्रधानाचार्य प्रार्थना सभा और अन्य गतिविधियों का संचालन करते हैं, उसी प्रकार विधानसभा अध्यक्ष सदन की कार्यवाही का संचालन करते हैं। उन्होंने विपक्ष की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए कहा कि जो राजनीतिक दल सरकार नहीं बना पाते, वे विपक्ष की भूमिका निभाते हैं। विपक्ष का मुख्य दायित्व सरकार के कार्यों पर नजर रखना, उसकी नीतियों पर सवाल उठाना और जनता की समस्याओं एवं आवाज को सदन में उठाना होता है।

उन्होंने बताया कि विधानसभा में विभिन्न विषयों और जनहित से जुड़े मुद्दों पर चर्चा एवं बहस होती है, जिसमें विधायक अपनी-अपनी राय रखते हैं। जब किसी कानून को पारित करना होता है तो उस पर मतदान कराया जाता है और बहुमत के आधार पर निर्णय लिया जाता है। उन्होंने कहा कि विधानसभा लोकतंत्र का एक महत्वपूर्ण स्तंभ है, जो जनता को अपने निर्वाचित प्रतिनिधियों के माध्यम से सरकार की कार्यप्रणाली में भागीदारी का अवसर प्रदान करती है।

अंत में विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानियां ने सभी विद्यार्थियों को सदन के भीतर होने वाली कार्यवाही देखने के लिए आमंत्रित किया। उन्होंने बच्चों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस शैक्षणिक भ्रमण के माध्यम से विद्यार्थियों को प्रदेश की लोकतांत्रिक व्यवस्था, विधायी प्रक्रिया और विधानसभा की कार्यप्रणाली को प्रत्यक्ष रूप से समझने का अवसर मिला।

Have something to say? Post your comment

More Himachal

Students of Government Model Senior Secondary School Sihunta Witness Assembly Proceedings, Meet Speaker Kuldeep Singh Pathania

Students of Government Model Senior Secondary School Sihunta Witness Assembly Proceedings, Meet Speaker Kuldeep Singh Pathania

एसजेवीएन इंटर-प्रोजेक्ट स्पोर्ट्स मीट 2026-27 का रामपुर एचपीएस में उत्साह और खेल भावना के साथ आगाज

एसजेवीएन इंटर-प्रोजेक्ट स्पोर्ट्स मीट 2026-27 का रामपुर एचपीएस में उत्साह और खेल भावना के साथ आगाज

SJVN Inter-Project Sports Meet 2026-27 Kicks Off at Rampur HPS with Enthusiasm and Sporting Spirit

SJVN Inter-Project Sports Meet 2026-27 Kicks Off at Rampur HPS with Enthusiasm and Sporting Spirit

कुफरी में शुरू हुआ सयाजी होटल्स का पहला होटल, ‘एनराइज बाय सयाजी’ से हिमाचल के पर्यटन को मिलेगी नई पहचान

कुफरी में शुरू हुआ सयाजी होटल्स का पहला होटल, ‘एनराइज बाय सयाजी’ से हिमाचल के पर्यटन को मिलेगी नई पहचान

Sayaji Hotels Makes Its Debut in Himachal Pradesh with the Launch of ‘Enrise by Sayaji’ in Kufri

Sayaji Hotels Makes Its Debut in Himachal Pradesh with the Launch of ‘Enrise by Sayaji’ in Kufri

Governor Kavinder Gupta Inaugurates SJVN Exhibition at International Lavi Fair-2026; Nathpa Jhakri Project Head Rajiv Kapoor Highlights Power Generation Capacity and Station Operations

Governor Kavinder Gupta Inaugurates SJVN Exhibition at International Lavi Fair-2026; Nathpa Jhakri Project Head Rajiv Kapoor Highlights Power Generation Capacity and Station Operations

अंतर्राष्ट्रीय लवी मेला-2026 में एसजेवीएन की प्रदर्शनी का राज्यपाल कविंदर गुप्ता ने किया शुभारंभ, परियोजना प्रमुख राजीव कपूर ने दी विद्युत उत्पादन एवं परियोजना की कार्यप्रणाली की जानकारी

अंतर्राष्ट्रीय लवी मेला-2026 में एसजेवीएन की प्रदर्शनी का राज्यपाल कविंदर गुप्ता ने किया शुभारंभ, परियोजना प्रमुख राजीव कपूर ने दी विद्युत उत्पादन एवं परियोजना की कार्यप्रणाली की जानकारी

Man Arrested with 11 Grams of Heroin (Chitta) During Bus Checking in Shoghi

Man Arrested with 11 Grams of Heroin (Chitta) During Bus Checking in Shoghi

शोघी में बस चेकिंग के दौरान 11 ग्राम चिट्टे के साथ व्यक्ति गिरफ्तार

शोघी में बस चेकिंग के दौरान 11 ग्राम चिट्टे के साथ व्यक्ति गिरफ्तार

शोघी में 13 ग्राम चिट्टे के साथ रोहड़ू के दो युवक गिरफ्तार

शोघी में 13 ग्राम चिट्टे के साथ रोहड़ू के दो युवक गिरफ्तार