कुलदीप पठानियां ने दी देश तथा प्रदेशवासियों को रक्षा बंधन की बधाई
शिमला। हिमाचल प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानियां ने प्रदेश तथा देशवासियों को हिन्दुओं के पवित्र एवं पारंपरिक पर्व रक्षा बंधन की हार्दिक बधाई एवं अनंत शुभकामनाएं दी हैं। अपने बधाई संदेश में पठानियां ने कहा कि राखी महज एक धागा नहीं, बल्कि भाई-बहन के प्रेम, विश्वास और भाई द्वारा बहन की रक्षा के अटूट वादे का प्रतीक है। इस पर्व का भाई-बहनों को पूरे वर्ष बेसब्री से इंतजार रहता है।
पठानियां ने कहा कि भारत विविधताओं में एकता वाला देश है, जहां विभिन्न पर्व और त्योहार पूरे हर्षोल्लास के साथ मनाए जाते हैं। रक्षा बंधन भी ऐसा ही पर्व है, जो भाई-बहन के बीच प्रेम, विश्वास और सुरक्षा के मजबूत रिश्ते को दर्शाता है। श्रावण मास की पूर्णिमा को मनाए जाने वाले इस पर्व को राखी या श्रावणी के नाम से भी जाना जाता है। इस दिन बहन अपने भाई की कलाई पर राखी बांधकर उसकी लंबी उम्र और खुशहाली की कामना करती है।
उन्होंने कहा कि रक्षा बंधन भारतीय संस्कृति की गहराई और परिवार में रिश्तों की अहमियत को दर्शाता है। यह पर्व हमें सिखाता है कि रिश्ते केवल खून के नहीं, बल्कि भावनाओं और आपसी सम्मान के भी होते हैं। एक-दूसरे की भावनाओं को समझकर और उनका सम्मान करके ही समाज में सच्चे भाईचारे की भावना को मजबूत किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि आज जब रिश्तों में दूरियां बढ़ रही हैं, ऐसे में रक्षा बंधन जैसे पर्व प्रेम, विश्वास और पारिवारिक रिश्तों को और मजबूत करने का संदेश देते हैं।