एचआरटीसी बस में 10.34 ग्राम चिट्टा के साथ युवक गिरफ्तार, शिमला पुलिस की बड़ी कार्रवाई
शिमला। नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत शिमला पुलिस की स्पेशल सेल ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एचआरटीसी बस से 10.34 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, दिनांक 26 जुलाई 2026 को स्पेशल सेल शिमला की टीम को विश्वसनीय गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी कि सौरव घारु, निवासी कृष्णा नगर, शिमला, चंडीगढ़ से शिमला आ रही एचआरटीसी बस में चिट्टा लेकर आ रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने पुलिस पोस्ट शोघी के समीप नाकाबंदी कर संबंधित बस को रोककर तलाशी अभियान चलाया।
तलाशी के दौरान आरोपी की सीट के नीचे से 10.34 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया गया। इसके बाद पुलिस ने अभियोग संख्या 154/2026, दिनांक 27 जुलाई 2026 के तहत धारा 21 एनडीपीएस अधिनियम में मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया है। मामले में यह पता लगाने के लिए गहन जांच की जा रही है कि आरोपी नशीले पदार्थ की खेप कहां से लेकर आया था और इसे किसे सप्लाई किया जाना था। शिमला पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशा तस्करी के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।