ग्राम पंचायत बल्ह-2 में बच्चों के विकासात्मक विलंब एवं दिव्यांगता की प्रारंभिक पहचान पर जागरूकता कार्यशाला आयोजित
बल्ह-
ग्राम पंचायत बल्ह-2 में बच्चों के विकासात्मक विलंब एवं दिव्यांगता की प्रारंभिक पहचान विषय पर एक जागरूकता कार्यशाला का सफल आयोजन किया गया। कार्यशाला का उद्देश्य पंचायत प्रतिनिधियों एवं स्थानीय समुदाय को बच्चों के विकासात्मक माइलस्टोन, विकासात्मक विलंब के शुरुआती संकेतों, समय पर पहचान तथा उपलब्ध निःशुल्क चिकित्सीय एवं पुनर्वास सेवाओं के प्रति जागरूक करना था।
कार्यक्रम के दौरान साम्फिया फाउंडेशन के कार्यक्रम प्रबंधक श्री बीजू ने संस्था की गतिविधियों एवं कार्यक्षेत्र की जानकारी साझा करते हुए बताया कि संस्था बच्चों के समग्र विकास एवं दिव्यांग बच्चों के पुनर्वास के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों से अपील की कि विकासात्मक विलंब अथवा दिव्यांगता के लक्षण वाले बच्चों की समय रहते पहचान कर उन्हें आश बाल विकास केंद्र द्वारा उपलब्ध सेवाओं से जोड़ने में सक्रिय भूमिका निभाएं, ताकि उन्हें उचित समय पर आवश्यक सहायता और उपचार मिल सके।
इस अवसर पर ग्राम पंचायत बल्ह-2 के प्रधान श्री गेहर सिंह, उपप्रधान श्री गोविंद सिंह, सचिव श्री जोगी नाथ तथा पंचायत के वार्ड सदस्यगण उपस्थित रहे। कार्यशाला में बच्चों के बेहतर भविष्य और समावेशी समाज के निर्माण के लिए सामुदायिक सहभागिता के महत्व पर भी विशेष बल दिया गया।