गुरु रविदास जयंती पर कलश वंदन यात्रा में शामिल होने काशी पहुंची भाजपा की प्रदेश स्तरीय टोली
शिमला। संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की 650वीं जयंती के पावन अवसर पर आयोजित भव्य कलश वंदन यात्रा में सहभागिता के लिए भारतीय जनता पार्टी हिमाचल प्रदेश की 16 सदस्यीय प्रदेश स्तरीय टोली पवित्र नगरी काशी (वाराणसी) पहुंच गई है। यह यात्रा गुरु रविदास जी के समता, सामाजिक समरसता, मानवता और आध्यात्मिक चेतना के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से आयोजित की जा रही है।
पूर्व मंत्री डॉ. राजीव सहजल और अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष मनीष चौहान ने बताया कि गुरु रविदास जी के आदर्श आज भी समाज को समानता, भाईचारे और सामाजिक न्याय की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा की प्रदेश टोली कलश वंदन यात्रा के साथ-साथ विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भाग लेकर गुरु रविदास जी के प्रति अपनी श्रद्धा अर्पित करेगी।
उन्होंने जानकारी दी कि यह कलश वंदन यात्रा 2 अगस्त को हिमाचल प्रदेश पहुंचेगी। इसके बाद इसे जिला केंद्रों, मंडलों और बूथ स्तर तक ले जाया जाएगा। यात्रा के दौरान लाई गई पवित्र मिट्टी को गुरु रविदास जी के मंदिरों अथवा अन्य धार्मिक स्थलों पर पौधारोपण कार्यक्रमों के माध्यम से श्रद्धापूर्वक स्थापित किया जाएगा।
भाजपा की इस प्रदेश स्तरीय टोली में प्रदेश महामंत्री पायल वैद्य, प्रदेश सचिव तिलक राज शर्मा, सभी प्रकोष्ठों के संयोजक पुरुषोत्तम गुलेरिया, महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष डॉ. डेजी ठाकुर, महामंत्री एवं पूर्व विधायक कमलेश कुमारी, अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश महामंत्री अजय कबीर, उपाध्यक्ष चेत राम, सचिव अजय चौहान, पवन सैनी, प्रवक्ता अभिषेक इंदौरिया, ओबीसी मोर्चा के प्रदेश सचिव पवन चौधरी, सोलन भाजपा जिला उपाध्यक्ष नरेंद्र ठाकुर, मंडल महामंत्री राम कुमार, अनीता देवी सहित विभिन्न मोर्चों के अन्य पदाधिकारी शामिल हैं।